बेंगलुरु, 28 मार्च (वार्ता) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने पिछले वर्ष रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विजय उत्सव के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में मारे गये 11 लोगों को शनिवार को श्रद्धांजलि दी।
आज यहां राॅयल चैलेंजर्स बेंगुलरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले मुकाबले के दौरान टॉस के बाद जब दोनों टीमें खेलने के लिए मैदान पर उतर रही थीं तो स्टेडियम में मौजूद सभी दर्शक, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अधिकारी और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मौन रहकर श्रद्धांजलि दी। भगदड़ में मारे गये 11 लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए स्टेडियम की 11 सीटें खाली रखी गई। श्रद्धांजलि देते हुए आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी भी इस मैच में काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे। इस मुकाबले के दौरान पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कमेंट्री में अपना पर्दापण किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल आईपीएल का खिताब जीतने के बाद खिताबी जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मची थी जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी।
