आकाश दीप का अर्धशतक, भारत लंच तक तीन विकेट पर 189 रन

लंदन 02 अगस्त (वार्ता) नाइट वॉचमैन आकाश दीप (66) और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (नाबाद 85) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने पांचवें टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को लंच तक तीन विकेट पर 189 रन बना लिये।

भारत ने कल के दो विकेट पर 75 रन से आगे खेलना शुरु किया। आज सुबह के सत्र में यशस्वी जायसवाल और आकाश दीप इंग्लैंड की गेंदबाजी का दृढता के साथ सामना करते हुए कमजोर गेंदों पर प्रहार कर रन बटोरे। इस दौरान आकाश दीप ने गस ऐटकिंसन की गेंद पर चौका लगाकर अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया।

आकाश दीप ने 73 गेंदों में नौ चौकों की मदद से अपना अर्धशतक बनाया। आकाश दीप द्वारा चौका लगाने के साथ ही भारतीय ड्रेसिंग रूम में सभी टीम साथी खड़े होकर तालियां बजाते हुए देखे गये। आकाश दीप ने अपनी मुट्ठी बांधी। जायसवाल ने भी उन्हें गले लगाया और इस पल का आनंद लिया।

इसके बाद इंग्लैंड की गेंदबाजों की खबर ले रहे आकाश दीप को जेमी ओवर्टन ने ऐटकिंसन के हाथों कैच आउट कराकर भारत को तीसरा झटका दिया। आकाश दीप ने 94 गेंदों में 12 चौके लगाते हुए (66) रनों की पारी खेली। यशस्वी और आकाश दीप के बीच तीसरे विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी हुई। लंच तक भारत ने तीन विकेट पर 189 रन बना लिये और यशस्वी जायसवाल 106 गेंदों में 10 चौकों और दो छक्के की मदद से नाबाद 85 रन बनाकर और कप्तान शुभमन गिल (नाबाद 11) क्रीज पर मौजूद है। गिल ने इस तरह इस सीरीज में 750 रनों का आंकड़ा पार कर लिया और महान सुनील गावस्कर के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गये।

इंग्लैंड की ओर से गस ऐटकिंसन, जॉश टंग और जेमी ओवर्टन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

Next Post

गोवा, मिजोरम, राजस्थान,मणिपुर,केरल, हिमाचल और दिल्ली ने जीते मैच

Sat Aug 2 , 2025
काकीनाडा, 02 अगस्त (वार्ता) 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दूसरे दिन शनिवार को डिवीजन ‘सी’ के मैचों में गोवा, मिजोरम और राजस्थान ने तथा डिवीजन ‘बी’ में मणिपुर, केरल और दिल्ली ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की जबकि हिमाचल और तमिलनाडु के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। […]

You May Like