कटनी: माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित अजय फुट रबर प्लांट में आज दोपहर-शाम अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री से उठती आग की गगनचुंबी लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
दमकल कर्मियों ने संभाला मोर्चा, मनीष घई की बताई जा रही फैक्ट्री
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। बताया जा रहा है कि उक्त फैक्ट्री मनीष घई नामक व्यक्ति की है। आगजनी के कारण फैक्ट्री के भीतर रखा लाखों रुपये का माल और मशीनरी जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल दमकल कर्मियों द्वारा आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है।
टला बड़ा हादसा सुरक्षित बाहर निकाले गए श्रमिक, पुलिस ने की घेराबंदी
राहत की बात यह रही कि आग भड़कते ही सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री में कार्यरत सभी मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। इधर, हादसे की खबर मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। पुलिस प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है
