सौहार्द बना रहे, समुदायों की भावनाएं आहत न हों, शांति समिति की बैठक संपन्न

जबलपुर: आगामी त्योहारों और महत्वपूर्ण दिवसों को शहर में शांति, आपसी सौहार्द और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले ईद-उल-अजहा पर्व के साथ साथ 9 जून को भगवान बिरसा मुंडा और 24 जून को वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस को शांतिपूर्ण व गरिमापूर्ण ढंग से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, सुचारू पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसी सभी आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग और मुस्तैद है। बैठक के दौरान मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जबलपुर में छोटे-बड़े सभी त्योहारों को गंभीरता से लेते हुए नियमित रूप से शांति समिति की बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिससे शहर में हमेशा सांप्रदायिक सौहार्द और अमन-चैन का माहौल बना रहता है।

समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि चांद दिखने के आधार पर ईद-उल-अजहा का पर्व गुरुवार 28 मई को मनाया जाएगा और सुबह लगभग 10 बजे ईदगाह में मुख्य नमाज अदा की जाएगी। इसके साथ ही सदस्यों ने समाज के लोगों से पुरजोर अपील की है कि कुर्बानी से संबंधित किसी भी प्रकार के फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर कतई साझा न करें, ताकि अन्य समुदायों की भावनाएं आहत न हों और सोशल मीडिया पर सौहार्द बना रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को अत्यंत मजबूत रखने उठाई मांग-
बैठक में त्योहार के मद्देनजर पिकनिक स्थलों, पर्यटन केंद्रों तथा नदी-तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत मजबूत रखने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था, नालियों की समय पर सफाई, शुद्ध पेयजल आपूर्ति और बिजली की निर्बाध उपलब्धता को लेकर समिति के सदस्यों द्वारा कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने
नागरिकों से त्योहार को हर्षोल्लास एवं शांति के साथ मनाने का अनुरोध करते हुए आश्वस्त किया कि सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों और समस्याओं को संज्ञान में लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
आपसी समन्वय के साथ काम
अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम सहित सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं और किसी भी आपात स्थिति या समस्या के समाधान के लिए नागरिक सीधे प्रशासनिक अधिकारियों या संबंधित विभागों से संपर्क कर सकते हैं। इस बैठक में पूर्व मंत्री श्रीमती कौशल्या गोंटिया, एस. के. मुद्दीन, ताहिर खान, प्यारे साहब, मोहम्मद साबिर उस्मानी, मुबारक कादरी सहित शांति समिति के अन्य गणमान्य सदस्य एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

Next Post

दिल्ली का व्यापारी बनकर ट्रांसपोर्ट मैनेजर से उड़ाए 50 हजार

Tue May 26 , 2026
जबलपुर: एक जालसाज ने खुद को दिल्ली का बड़ा कारोबारी बताकर माढ़ोताल थाना अंतर्गत करमेता स्थित हरियाणा पंजाब रोडवेज के मैनेजर को अपनी बातों के जाल में फंसाया। आरोपी ने न सिर्फ गाडिय़ों को लोड करने का नाटक किया, बल्कि मजबूरी का ढोंग रचकर मैनेजर के खाते से 50,000 रुपये […]

You May Like