बिना परमिट बारात ले जा रही स्कूल बस जब्त, पुलिस ने दिखाई इंसानियत; पहले बारातियों को पहुंचाया, फिर लाए थाने

बैतूल। जिले में यातायात पुलिस ने बिना वैध परमिट के बारात ले जा रही एक स्कूल बस को जब्त किया है। पुलिस ने बारातियों को असुविधा से बचाने के लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें उसी वाहन से गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की।

यातायात प्रभारी गजेंद्र केन ने बताया कि विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने कुही क्षेत्र से आ रही एक स्कूल बस को जांच के लिए रोका। जांच के दौरान चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद वाहन के खिलाफ कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि बारातियों को बीच रास्ते में परेशानी नहीं हो, इसलिए दो पुलिसकर्मियों की निगरानी में उन्हें उसी बस से दुल्हन के घर तक भेजा गया। पुलिसकर्मी बारातियों को छोड़ने के बाद बस को वापस थाने लेकर आएंगे।

पुलिस के अनुसार जब्त बस क्रमांक एमपी 48 पीआई 0712 सारणी क्षेत्र के सूखा ढाना स्थित एक इंटरनेशनल स्कूल की है। जांच के दौरान बस के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, पैनिक बटन, इमरजेंसी डोर सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

अधिकारियों ने बताया कि चालक वैध परमिट प्रस्तुत नहीं कर पाया, जिसके चलते वाहन मालिक को नियमानुसार जुर्माना जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने कहा कि स्कूल बसों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यातायात पुलिस के अनुसार जिले में सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अब तक लगभग 40 बसों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

Next Post

ट्विशा शर्मा के पिता ने लगाई गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत के खिलाफ याचिका

Mon May 25 , 2026
जबलपुर। भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा की दहेज हत्या के अपराध में आरोपी सास तथा पूर्व भोपाल जिला व सत्र न्यायाधीश गिरिवाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत के खिलाफ प्रदेश सरकार के साथ ट्विशा शर्मा के पिता ने भी हाईकोर्ट की शरण ली है। हाईकोर्ट जस्टिस देवनारायण मिश्रा की एकलपीठ […]

You May Like