
सीहोर/ बुधनी 28 सितंबर. नर्मदा में तेज बहाव होने के बाद भी लोग अपनी जिंदगी को दांव पर लगाने से बाज नहीं आते. रविवार को फिर नर्मदा नदी में नहाने उतरे तीन दोस्त गहरे पानी में चले गए. नतीजतन तीनों डूबने लगे. स्थानीय गोताखोरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह एक ही युवक को सकुशल बाहर निकाल पाने में कामयाब रहे, जबकि दो युवक तेज बहाव के साथ बह गए. हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस द्वारा गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
रविवार को बुधनी के नर्मदा घाट पर स्नान करने के दौरान दो युवक तेज बहाव में बह गए, जबकि एक युवक को स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचा लिया गया है. जानकारी के अनुसार रविवार को रायसेन जिले के दीवानगंज निवासी 25 वर्षीय नितेश साहू आ. मनोज साहू, 20 वर्षीय योगेश साहू आ. मुकेश साहू और तोरण यादव आ. भीकमसिंह यादव रविवार को बाइक से देवी दर्शन करने सलकनपुर जा रहे थे. रास्ते में उन्होंने बुधनी के नर्मदा घाट पर स्नान करने के बाद सलकनपुर जाने का प्लान बनाया. बताया जाता है कि बुधनी घाट पर स्नान करने उतरे तीनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. यह देख वहां मौजूद अन्य स्नानार्थियों ने और स्थानीय गोताखोरों ने एक युवक तोरण यादव को तो किसी तरह सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन नितेश व योगेश तेज बहाव में बह गए. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से ग्वाडिय़ा घाट पर दोनों युवकों की तलाश की जा रही है. आंवली घाट पर तैनात एसडीआरएफ की टीम को भी युवकों की तलाश के लिए पाबंद किया गया है. समाचार लिखे जाने तक युवकों का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था. मौके पर एसडीएम दिनेश सिंह तोमर, तहसीलदार ललित सोनी एवं एसडीओपी रवि शर्मा भी मौजूद रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं.
एसडीआरएफ टीम कर रही तलाश
दीवानगंज निवासी तीन युवक स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए थे. एक को तो स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया है, जबकि दो लोगों की तलाश एसडीआरएफ की टीम द्वारा की जा रही है. बुधनी अनुभाग के अंतर्गत घाटों पर तैनात गोताखोरों को सूचना दी गई है.
डीएस तोमर,
एसडीएम बुधनी
