पटना, 22 मई (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में अगले पांच वर्षों के दौरान एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्गस्थित ‘संकल्प सभागार’ में शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। शिक्षा विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल ने शिक्षा विभाग के कार्यों की अद्यतन स्थिति एवं भावी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने समीक्षा के दौरान ने कहा कि राज्य के सभी बच्चों को अच्छी और गुणवतापूर्ण शिक्षा मिले, इसे लेकर सरकार लगातार प्रयासरत है।उन्होंने कहा इस दिशा में आज शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिए गये हैं।इसके तहत अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी जिसके अन्तर्गत प्रत्येक वर्ष कम से कम लगभग 20 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी। इसके लिये हर वर्ष जुलाई महीने में नियुक्ति संबंधी विज्ञापन जारी किया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षकों के स्थानान्तरण को पारदर्शी एवं सुगम बनाने को लेकर शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गये हैं कि महिला शिक्षकों का स्थानान्तरण यथासंभव गृह जिले के अपने प्रखण्ड के गृह पंचायत के बगल के पंचायत में तथा पुरूष शिक्षकों को गृह जिले के अपने गृह प्रखण्ड के बगल के प्रखण्ड में स्थानान्तरण करने के लिये नीति बनायी जाए।
श्री चौधरी ने निर्देश दिए कि राज्य के सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पोशाक की आपूर्ति जीविका के माध्यम से किया जाये। इससे पोशाक की ससमय आपूर्ति के साथ महिला स्वावलंबन को भी बल मिलेगा।
