सिंगरौली: भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली का 2 दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान सम्पन्न हुआ।समापन सत्र में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता गिरीश गौतम ने भाजपा के इतिहास एवं विकास पर अपना उद्बोधन दिया। गिरीश गौतम में 1980 में भाजपा के गठन से पहले एवं बाद के इतिहास को प्रतिभागियों के समक्ष रखा तथा जनसंघ के निर्माण से वर्तमान भाजपा तक के संघर्ष को बिंदुवार तरीके से चित्रित किया।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रति उनके कर्तव्य तथा उनकी कार्यशैली कैसी हो, इस पर अपना व्याख्यान दिया। मुख्य वक्ता ने भाजपा के उद्गम से लेकर विशाल वटवृक्ष बनने तक जिन विभूतियों ने अपने जीवन का सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, उनके आदर्शों एवं उनके पदचिह्नों के अनुकरण का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया। इस प्रशिक्षण महाभियान में कुल बारह सत्र सम्पन्न हुए। कार्यक्रम के अध्यक्षता राज्यमंत्री राधा सिंह ने की तथा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया तथा उनके प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं के उत्तर दिए।
वक्ताओं ने अलग-अलग बिन्दुओं पर दिया उद्बोधन
दूसरे दिन के प्रशिक्षण में पांच सत्र सम्पन्न हुए तथा अलग-अलग विषय वक्ताओं ने निर्धारित बिंदुओं पर अपना उद्बोधन प्रस्तुत किया। आठवें सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक राम लल्लू बैस, नौवें सत्र की अध्यक्षता देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, दसवें सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश द्विवेदी, ने अपना विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया। अभियान में जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, विधायक रामनिवास शाह एवं जिले के समस्त जनप्रतिनिधि एवं महामंत्री, मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल प्रभारी तथा सभी अपेक्षित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
