भारत-साइप्रस सम्बन्ध रणनीतिक साझेदारी में बदले, भारत में निवेश को दोगुना करेगा साइप्रस : मोदी

नयी दिल्ली, 22 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइप्रस के साथ भारत के संबंधों को मजबूत और भविष्य की दृष्टि पर आधारित बताते हुए कहा है कि दोनों देशों ने इन्हें नई गति देने के लिए अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा देने का निर्णय लिया है। दोनों देशों ने वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में सुधार की जरूरत पर भी बल दिया है।

श्री मोदी ने भारत की तीन दिन की यात्रा पर आए साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ शुक्रवार को यहां द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस वक्तव्य में यह बात कही।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में, साइप्रस से भारत में निवेश बढ़कर लगभग दोगुना हो गया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच विश्वास बढ़ने और भारत – यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से तमाम नई संभावनाएं बनी हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इसका लाभ उठाते हुए , “हम अगले पाँच वर्षों में इस निवेश को फिर से दोगुना करने का लक्ष्य रख रहे हैं। और इस संकल्प को साकार करने के लिए, आज हम अपने विश्वसनीय संबंधों को एक रणनीतिक साझेदारी का रूप दे रहे हैं।”

श्री मोदी ने कहा कि भारत और साइप्रस की मित्रता मजबूत और भविष्य की दृष्टि पर आधारित है। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र और कानून के शासन जैसे मूल्यों में साझा विश्वास, हमारी साझेदारी के आधार हैं। हम सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करते हैं। भारत इन सिद्धांतों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी रहेगा।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-साइप्रस, यूक्रेन और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्षों की शीघ्र समाप्ति के प्रयासों का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा, “आज हमने वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की। यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्ष की शीघ्र समाप्ति और शांति के प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे। हम इस बात पर भी एकमत हैं कि बढ़ती हुई वैश्विक चुनौतियां के समाधान के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार महत्वपूर्ण है।”

Next Post

जनसंघ से भाजपा के वटवृक्ष बनने तक के संघर्ष की गाथा से रूबरू हुए कार्यकर्ता

Fri May 22 , 2026
सिंगरौली: भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली का 2 दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान सम्पन्न हुआ।समापन सत्र में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता गिरीश गौतम ने भाजपा के इतिहास एवं विकास पर अपना उद्बोधन दिया। गिरीश गौतम में […]

You May Like