
रीवा। शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत अनंतपुर मोहल्ले में रहने वाले एक शिक्षक ने प्रताडऩा से तंग आकर अपने हाथ की नस काट ली. गंभीर हालत में शिक्षक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. वहीं शिक्षक ने यह कदम उठाने के पहले तीन पन्नों का पत्र भी लिखा है, घायल शिक्षक के भाई ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं.
घटना के संबंध में घायल शिक्षक अनिल तिवारी निवासी अनंतपुर के भाई वीरेंद्र तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके मकान का निर्माण अनंतपुर में हो रहा है जहां बीते 15 तारीख को पेड़ काटने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ था. जिसके बाद थाने में उनके भाई के खिलाफ प्रकरण दर्ज हो गया था. भाई ने बताया कि थाने में उनकी सुनवाई नहीं की गई और फर्जी मुकदमे में फंसा दिया गया. इसके अलावा लगातार पुलिस द्वारा उनके भाई को प्रताडि़त किया जाता रहा है. इन्हीं सब मानसिक परेशानियों से तंग आकर उनके भाई द्वारा बीती शाम हाथ की नस काट ली गई. वीरेंद्र ने बताया कि उनके भाई द्वारा घटना को अंजाम देने से पहले तीन पन्नों का पत्र भी लिखा था. जिसमें उन्होंने अपनी प्रताडऩा का उल्लेख किया है फिलहाल घायल का उपचार अस्पताल में जारी है अब देखना यह है कि मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है.
