
श्योपुर। यहां की कराहल तहसील में आज रविवार को यूजीसी के नए नियमों के विरोध में बाजार पूरी तरह बंद रहा। सवर्ण समाज के आह्वान पर हुए इस बंद को स्थानीय व्यापारियों का समर्थन मिला। सुबह से ही बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी प्रतिष्ठान बंद रहे।
इससे पहले सवर्ण समाज के सैकड़ों सदस्य पनवाड़ा तिराहे पर एकत्र हुए थे। उन्होंने वहां से एसडीएम कार्यालय तक बाइक रैली निकाली और अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी कानून को काला कानून बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
रविवार सुबह से ही सवर्ण समाज के सदस्य कराहल नगर में घूमकर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील कर रहे थे। व्यापारियों ने इस अपील का समर्थन करते हुए बाजार बंद रखा। बंद शांतिपूर्ण रहा, लेकिन पुलिस-प्रशासन सतर्क रहा और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए थे।
