नयी दिल्ली, 21 फरवरी (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप)ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को जुमला बताते हुए शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दिल्ली के लोगों को ठगने का आरोप लगाया।
‘आप’की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने आज कहा,“ अपनी पहली कैबिनेट की बैठक में महिलाओं के लिए 2500 रुपए हर महीने देने की स्कीम पास नहीं करके भाजपा ने यह साबित कर दिया कि केवल अरविंद केजरीवाल ही वो शख्स हैं जो असली गारंटी देते हैं और बाद में उसे निभाते भी हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का हर मंत्री, नेता और हर सांसद यह कहते हुए नहीं थक रहा था कि आठ मार्च को दिल्ली की आधी आबादी यानी सभी महिलाओं के खाते में 2500 रुपए आने शुरु हो जाएंगे।”
सुश्री कक्कड़ ने कहा कि मोदी की गारंटी फिर एक बार जुमला निकली। श्री मोदी ने कहा था कि पहली कैबिनेट बैठक में हर महिला को 2500 प्रति माह देने का प्रस्ताव पारित कर दिया जाएगा। यह भी कहा गया था कि आठ मार्च को दिल्ली की सभी महिलाओं के खाते में ये रकम आना शुरू हो जाएगी। पहली कैबिनेट मीटिंग गुरुवार को हुई, जिसमे इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई। यह भी दुखद है कि इस पर सवाल पूछे जाने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अब भाजपा का एजेंडा चलेगा।
