मालिक पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
इंदौर:तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में एक फार्म हाउस की छत से चली गोली से बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने फार्म हाउस संचालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है. घटना के बाद से आरोपी फरार है, जबकि फार्म हाउस के एक कर्मचारी को पुलिस ने हिरासत में लिया, वहीं फरार आरोपी की तलाश शुरु की.
उमरी खेड़ा स्थित विवेक सिंघल के फार्म हाउस पर शनिवार शाम गोली चलने से 60 वर्षीय मदनलाल यादव की मौत हो गई थी.
मृतक की पत्नी लीला बाई यादव की शिकायत पर पुलिस ने फार्म हाउस मालिक विवेक सिंघल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया था. मामले में मृतक बुजुर्ग के बेटे मनोज यादव ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह दूध केंद्र के पास बोरिंग से पानी भर रहे थे, जब अचानक फार्म हाउस की ओर से गोली चली और उनके पिता जमीन पर गिर पड़े.
शुरुआत में परिजनों को लगा कि पटाखों की आवाज है, लेकिन जब पास जाकर देखा तो उनके कपड़े खून से लथपथ थे और गोली लगी थी. पुलिस ने घटना के तुरंत बाद फार्म हाउस की देखभाल करने वाले कर्मचारी राजकुमार को रात में हिरासत में लिया, लेकिन मुख्य आरोपी विवेक सिंघल अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. मामले में जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
