कोलकाता, 21 मई (वार्ता) सौंदर्य एवं स्वास्थ्य वर्धक उत्पाद बनाने वाली एफएमसीजी कंपनी इमामी को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 143.17 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ हुआ है जो एक साल पहले की तुलना में 11.72 प्रतिशत कम है। कंपनी के निदेशक मंडल की गुरुवार को हुई बैठक के बाद जारी वित्तीय परिणामों में बताया गया है कि तिमाही के दौरान उसका कुल राजस्व 3.65 प्रतिशत घटकर 948.28 करोड़ रुपये रह गया। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए निदेशक मंडल ने प्रति शेयर 10 रुपये के अंतरिम लाभांश की घोषणा की। कुल लाभांश राशि 436.5 करोड़ रुपये होगी। कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि चौथी तिमाही के परिणाम पर प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों का असर हुआ है, जिससे समर पोर्टफोलियो प्रभावित हुआ। साथ ही पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक व्यवधानों का भी असर रहा। कंपनी का मानना है कि ये चुनौतियां अस्थायी हैं, न कि संरचनात्मक समस्या, और आने वाली तिमाहियों में व्यापारिक गति में क्रमिक सुधार की उम्मीद है।
समर पोर्टफोलियो को छोड़कर घरेलू कारोबार में 11 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गयी। इससे व्यवसाय की आंतरिक मजबूती स्पष्ट हुई और यह भी साबित हुआ कि कुल प्रदर्शन पर असर मुख्यतः तिमाही के दौरान अस्थायी मौसमी व्यवधानों के कारण पड़ा। अंतर्राष्ट्रीय व्यवसाय में तिमाही के दौरान पांच प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी, जिसका मुख्य कारण पश्चिम एशिया संघर्ष था। इस संघर्ष के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के माध्यम से शिपिंग मार्ग प्रभावित हुए, आपूर्ति श्रृंखला बाधित हुई और मालभाड़ा लागत बढ़ गयी। कंपनी अपने अंतर्राष्ट्रीय बाजारों के प्रति प्रतिबद्ध बनी हुई है और भू राजनीतिक स्थिति सामान्य होने पर धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद कर रही है। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कुल राजस्व 3,780 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान परिचालन लाभ 964 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 775 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने बताया कि वर्ष के दौरान मौसमी अस्थिरता, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) 2.0 के कार्यान्वयन और भू-राजनीतिक चुनौतियों जैसी कई बाहरी बाधाओं का सामना किया, जबकि अपने मुख्य ब्रांड्स और प्रतिस्पर्धी स्थिति को मजबूत बनाना जारी रखा। इमामी के प्रबंध निदेशक हर्ष वी. अग्रवार ने कहा, “वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही अस्थायी बाहरी चुनौतियों से प्रभावित रही, जिसमें समर पोर्टफोलियो पर प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक व्यवधानों का असर शामिल था। इन चुनौतियों के बावजूद, हमारे मुख्य घरेलू व्यवसाय की मजबूती स्पष्ट रही और गैर-समर पोर्टफोलियो ने 11 प्रतिशत की स्वस्थ वृद्धि दर्ज की। हमारा अंतराराष्ट्रीय व्यवसाय भी अधिकांश तिमाही के दौरान मजबूत रहा, हालांकि मार्च में पश्चिम एशिया की परिस्थितियों ने संचालन को प्रभावित किया।”

