
बाकल। ओबीसी महासभा एवं एसटी-एससी संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में बहोरीबंद में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की जयंती एवं अमर शहीद राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुंहाई स्थित वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। इसके पश्चात विशाल पैदल यात्रा निकाली गई और मंचीय कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी, जिन्होंने अंग्रेज़ी सत्ता को ललकारते हुए अपने प्राण न्यौछावर किए राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह, जिन्हें 18 सितंबर 1857 को जबलपुर में तोप से बाँधकर उड़ा दिया गया उन अमर शहीदों के अद्वितीय साहस व बलिदान को श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही अतिथियों ने कहा कि इन शहीदों का पराक्रम केवल इतिहास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। कार्यक्रम में मुख्यातिथि रूप से उपस्थित कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुजुर्गों के पैर धुलकर और उन्हें गले लगाकर भाईचारे का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आयोजक मंडल बधाई का पात्र है, जिसने समाज में एकता और भाईचारे का माहौल बनाने का प्रयास किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार आदिवासियों की जमीनों की खरीद-फरोख्त करवा रही है, जबकि हमारी सरकार बनने पर सभी आदिवासियों की जमीन वापस कराई जाएगी। उन्होंने जातिगत जनगणना की आवश्यकता पर जोर देते हुए राहुल गांधी को भाईचारे और प्रेम का संदेश फैलाने वाला मसीहा बताया। इस अवसर पर पूर्व विधायक आर.डी. प्रजापति ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार रिमोट से संचालित हो रही है, इसलिए आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर टालमटोल की जा रही है। वहीं, एडवोकेट धर्मेंद्र कुशवाहा ने सरकार को सामंतवादी बताते हुए कहा कि बहुजनों को प्रताड़ित करने का काम किया जा रहा है।
जनपद अध्यक्ष लाल कमल बंसल ने कहा कि लगातार उपेक्षा और अविश्वास के बावजूद वे न्यायालय से जीतकर अध्यक्ष बने हैं और क्षेत्र में व्याप्त गुंडागर्दी के खिलाफ अंतिम सांस तक संघर्ष करेंगे। पूर्व विधायक सौरभ सिंह सिसोदिया ने 1857 की लड़ाई और 2024 के चुनाव में गद्दारों की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ओबीसी महासभा प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह लोधी ने कहा कि समाज में जिसकी जितनी संख्या है, उसी आधार पर उसकी भागीदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि “हम किसी का हक छीनने नहीं बल्कि अपना हक पाने के लिए सड़क पर संघर्षरत हैं।” उन्होंने किसानों की खाद संकट की समस्या पर भी सरकार को घेरा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नारायण पटेल ने किया।
कार्यक्रम में मुख्यरूप से ओंमकार सिंह मरकाम (विधायक डिडौरी,सीईसी मेम्बर,एआईसीसी),अजय गोटिया(सदस्य जिला पंचायत कटनी), देव सिंह (पूर्व जिला पंचायत सदस्य) यदुवेन्द्र यादव जिला अध्यक्ष समाजवादी पार्टी कटनी,लोधी कृष्णा राष्ट्रवादी उत्तर प्रदेश,योगेश योगी किसान, दलजीत लोधी, पुरेंद्र सिंह लोधी, उत्तम सिंह लोधी जनपद सदस्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं करीब बारह हज़ार की संख्या में जनसमूह शामिल रहा।
