नयी दिल्ली 09 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव आयोग को लेकर दिये गये बयान के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया और कहा कि वह अपने अपरिपक्व बयानों से लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में श्री गांधी पर निशाना साधा और कहा कि एक दशक से ज्यादा समय से श्री गांधी की भारतीय राजनीति में छवि अराजक, बिना प्रमाण के संवैधानिक संस्थाओं को बदमान करने का प्रयास करने वाले शख्स की बनी हुयी है।
उन्होंने कहा कि जनता अब मान चुकी है कि श्री गांधी अपरिपक्व, गैरजिम्मेदार और भारत के लोकतंत्र को कमजोर बनाने के लिए वक्तव्य देते हैं। उन्होंने कहा, “ श्री गांधी ने संवाददाता सम्मेलन का आयोजन कर एक संवैधानिक संस्था पर बिना किसी तथ्य के बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। इस वजह से यह कहना गलत नहीं होगा कि राहुल उर्फ अराजक तत्व, अब राहुल उर्फ विध्वंसक हो गए हैं।”
भाजपा नेता ने कहा कि आज पूरा देश पूछ रहा है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) को यह अधिकार किसने दिया कि वे चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं को खुलेआम धमकी दें। उन्होंने कहा कि श्री गांधी को आज पूरा देश नेता प्रतिपक्ष कम और नेता अपरिपक्व ज्यादा मानने लगा है।

