
सिंगरौली । एनसीएल में कार्यरत विभिन्न ओबी कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से कथित रूप से लाखों रुपये की वसूली का मामला सामने आया है। इसे लेकर अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन के राष्ट्रीय महासचिव अमित कुमार तिवारी ने एनसीएल सीएमडी को पत्र भेजकर जांच की मांग की है।
सीएमडी को भेजे पत्र में तिवारी ने आरोप लगाया है कि विभिन्न ओबी कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर स्थानीय युवाओं से दो से ढाई लाख रुपये तक लिए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतें सही हैं तो रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं की मजबूरी का अनुचित लाभ उठाया जा रहा है। पत्र में यह भी आशंका जताई गई है कि कथित वसूली में कुछ एनसीएल कर्मचारियों एवं अधिकारियों, ओबी कंपनियों के संचालकों तथा स्थानीय प्रभावशाली बिचौलियों की मिलीभगत हो सकती है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। श्री तिवारी ने एनसीएल को क्षेत्र का प्रधान नियोक्ता बताते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो ।
