सतना: विंध्य क्षेत्र के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन सतना में मानसून सीजन को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बरसात के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और रेल संचालन सुचारु बना रहे, इसके लिए सोमवार को रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन परिसर और रेल पटरियों का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम मन्टू कुमकार, एरिया मैनेजर सहित रेलवे के कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, ट्रैक, जल निकासी व्यवस्था और यात्रियों की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खासतौर पर बरसात के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। रेल अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान रेल पटरियों के आसपास जमा कचरा और झाडय़िों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बारिश के समय किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने आउटसोर्स कर्मचारियों को साफ-सफाई में लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी देते हुए नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
अनुरक्षण पर भी नजर
निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने प्लेटफॉर्म पर फिसलन रोकने, पानी निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने और विद्युत उपकरणों की जांच समय पर करने के निर्देश दिए। रेलवे प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्टेशन स्तर पर तैयारी पूरी रखी जाएगी। गौरतलब है कि सतना रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं। ऐसे में बरसात के मौसम में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखना रेलवे प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती माना जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने पहले से ही मेंटिनेंस और सफाई अभियान शुरू कर दिया है।
