आईपीएल मैचों में वाहन पार्किंग की समस्या से मीडियाकर्मी भी परेशान

लखनऊ 22 अप्रैल (वार्ता) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लखनऊ में हो रहे मुकाबलों में उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) और पुलिस प्रशासन के बीच तालमेल के अभाव में पार्किंग की समस्या विकराल हो रही है और इससे मैच कवर करने वाले मीडियाकर्मी भी खासे परेशान हैं।

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में सात मैचों में से चार मुकाबले खेले जा चुके हैं जबकि दिल्ली और लखनऊ के बीच मैच मंगलवार को खेला गया। इसके बाद भी यहां दो और मैच खेले जाने हैं। इन मैचों को देखने को अपने निजी वाहनो से आने वाले दर्शकों को पार्किंग के लिये निर्धारित स्थान से खासी दूरी तय कर स्टेडियम तक आना पड़ रहा है जबकि इससे पहले जगह जगह डायवर्जन के कारण पार्किंग स्थल तक पहुंचने में दो से चार किमी तक की दूरी भीड़ के बीच रेंग रेंग कर तय करनी पड़ रही है।

पार्किंग की इस समस्या से मीडियाकर्मी भी परेशान हैं। यूपीसीए ने मीडियाकर्मियों को दो पहिया वाहन पार्किंग के लिये कोई वाहन पास उपलब्ध नहीं कराये हैं। यूपीसीए का कहना है कि दो पहिया वाहनो के लिये मीडियाकर्मियों को पास की कोई जरुरत नहीं हैं। उनके लिये आईपीएल के परिचय पत्र ही वाहन पार्किंग का पास माने जायेंगे वहीं चार पहिया वाहनो के लिये चार पत्रकारों के बीच एक पास दिया जायेगा। इसके लिये उन्होने यातायात पुलिस द्वारा प्रेषित दिशा निर्देशों का हवाला दिया है।

वहीं इकाना स्टेडियम के पांच किमी की परिधि में लगाये गये बैरियरों पर तैनात पुलिसकर्मी वाहन पास नहीं होने पर पत्रकारों के लिये निर्धारित पार्किंग तक वाहनो को जाने नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हे बगैर पास के कोई भी वाहन बैरियर से आगे नहीं जाने देने के निर्देश हैं।

पुलिस और यूपीसीए के बीच वाहन पार्किंग को लेकर संवाद में कमी मीडियाकर्मियों की परेशानी का सबब बनी हुयी है। इस बारे में यूपीसीए के एक अधिकारी ने कहा कि जल्द ही पुलिस प्रशासन से बात कर समस्या का निराकरण कराया जायेगा।

 

Next Post

पहलगाम में आतंकवादी हमले को निंदनीय और शर्मनाक बताया कांग्रेस नेता ने

Tue Apr 22 , 2025
भोपाल, 22 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आज नागरिकों पर आतंकवादियों के हमले को अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक बताया है। कांग्रेस नेता श्री सिंघार ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए कहा, “जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर कायराना […]

You May Like

Play sound