सिंगरौली: सरई तहसील क्षेत्र के गजराबहरा स्थित एक कोल कारोबारी प्रतिष्ठान को सहायक श्रम आयुक्त, सिंगरौली द्वारा श्रम नियमों से संबंधित शिकायतों के संदर्भ में नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। यह कार्रवाई 2 दिसंबर को प्रकाशित समाचार और कलेक्ट्रेट में प्राप्त आवेदन के आधार पर की गई।जानकारी के अनुसार, 2 दिसंबर को गजराबहरा क्षेत्र की कई महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं थीं, जहां उन्होंने संबंधित कंपनी में कार्यरत श्रमिकों को वेतन, पीएफ, अवकाश एवं बोनस से जुड़ी सुविधाओं के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया था। इस विषय को लेकर नवभारत में खबर प्रकाशित हुई थी।
प्राप्त आवेदन और समाचार के आधार पर सहायक श्रम आयुक्त ने कंपनी प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 12 दिसंबर तक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। विभागीय सूत्रों के अनुसार, निर्धारित तिथि तक नोटिस का जवाब प्राप्त नहीं हुआ है।इधर, क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के निराकरण को लेकर अब तक कोई ठोस स्थिति सामने नहीं आई है, जिससे असंतोष की स्थिति बनी हुई है। मामले की आगे की कार्रवाई श्रम विभाग द्वारा की जा रही है।
