
सारनी। वेकोलि पाथाखेड़ा क्षेत्र के सभागार में गुरुवार को “जल संरक्षण एवं संवर्धन” विषय पर आयोजित आपसी-संवाद कार्यक्रम में जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पद्मश्री उमाशंकर पांडे ने कहा कि देश के कई बड़े शहर आज गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं, यहां तक कि नदियों के किनारे बसे शहरों में भी पानी की कमी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए जन-जन की सक्रिय भागीदारी समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन शहर का उदाहरण देते हुए बताया कि जल संकट के कारण वहां लोगों को पलायन तक करना पड़ा। उन्होंने “खेत पर मेड़, मेड़ पर पेड़” अभियान को जल संरक्षण का प्रभावी मॉडल बताते हुए पर्यावरण बचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वेकोलि द्वारा पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं खदानों से निकलने वाले पानी को किसानों के खेतों तक पहुंचाने की पहल की सराहना की गई। क्षेत्रीय महाप्रबंधक संजय एम. मिश्रा ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अमिया साठे, वरिष्ठ जनसंपर्क प्रबंधक आशीष तायल, महाप्रबंधक (संचालन) जितेन्द्र कुमार गुप्ता सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
