हिज्जबुल्ला ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सेना पर 24 हमलों का किया दावा

बेरूत, 21 मई (वार्ता) हिज्जबुल्ला ने दावा किया है कि उसने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सेना के ठिकानों को निशाना बनाकर 24 सैन्य अभियान चलाए हैं। ये हमले रॉकेट, तोपखाने और ड्रोन के जरिए इजरायली सैनिकों के जमावड़े और सैन्य वाहनों को निशाना बनाकर किए गए।

समूह ने एक बयान में कहा, “20 मई, को इस्लामिक रेजिस्टेंस ने दुश्मन इजरायली सेना के खिलाफ 24 लड़ाकू ऑपरेशन किए।” हिज्जबुल्ला ने कहा कि उसके लड़ाकों ने अवीविम, रमीम, रामोट नफताली और माले गोलानी जैसे इलाकों में इजरायली सैनिकों के ठिकानों और सैन्य जमावड़े को निशाना बनाया। इसके साथ ही लेबनानी सीमा पर कई बस्तियों को भी निशाना बनाया गया है।

समूह ने कहा कि हमलों में ड्रोन, रॉकेट और आर्टिलरी फायर शामिल थे। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक हिज्जबुल्लाह ने दावा किया कि उसके लड़ाकों ने इलाके की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रही इजरायली सेना पर बार-बार हमला किया और मर्कवा टैंक और डी9 बुलडोजर समेत बख्तरबंद गाड़ियों को निशाना बनाया।

हिज्जबुल्ला ने कहा कि हद्दाथा, तैबेह और राचाफ इलाकों में कम से कम चार मर्कवा टैंकों को निशाना बनाया गया। इसने इजरायली सेना के साथ काम कर रही दो डी9 इंजीनियरिंग गाड़ियों और टीमों पर हमलों की भी जिम्मेदारी ली। दिन में एक अलग घटना में हिज्जबुल्ला ने कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान के केंद्रीय क्षेत्र के ऊपर उड़ रहे एक इजरायली हर्मीस 450 ड्रोन पर सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल दागी।

 

 

Next Post

हरसूद पुलिस ने नष्ट की 79 लाख से अधिक कीमत की शराब

Thu May 21 , 2026
खंडवा: जिले में पुराने आबकारी एक्ट के मामलों में जप्त शराब के नष्टीकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना हरसूद पुलिस द्वारा बुधवार को न्यायालय के आदेश के पालन में बड़ी कार्रवाई करते हुए 11,023.8 बल्क लीटर जप्त अंग्रेजी शराब का नष्टीकरण किया गया। नष्ट की गई […]

You May Like