सतना : जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत स्फटिक शिला मोड़ के निकट चाय की दुकान पर मौजूद लोगों पर जानलेवा हमला करने वाले आधा दर्जन युवकों को पुलिस ने बगदरा घाटी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, कट्टा, कारतूस सहित हाकी और बेस बाल का डंडा जैसे हथियार बरामद किए गए.
चित्रकूट थाना प्रभारी नीलेश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्फटिक शिला मोड़ के निकट बृजनरेश परिहार के बेटे अंकित अपने मित्रों के साथ गणेश प्रतिमा तैयार कर रहे थे.
इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आधा दर्जन युवक वहां आ धमके और अंकित और मनीष के साथ बुरी तरी मारपीट शुरु कर दी. कुछ लोग बीच बचाव करने आए लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई. घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की. इसी कड़ी में मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बगदरा घाटी के निकट घेराबंदी कर दी. जहां पर बोलेरो को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई. जिसके जरिए उनकी पहचान वरुण तिवारी 31, सुमित पाण्डेय 18, योगेंद्र पाठक 23, देवांश पाण्डेय 25, कार्तिक यादव 21 और शिवम पाल 19 के तौर पर हुई. तलाशी लिए जाने पर उनके पास से 32 बोर की पिस्टल, 6 नग कारतूस, 315 बोर का कट्टा, 2 कारतूस, 1 हाकी, 1 बेससबाल का डण्डा बरामद हुआ. जिसे देखते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
