खंडवा: जिले में पुराने आबकारी एक्ट के मामलों में जप्त शराब के नष्टीकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना हरसूद पुलिस द्वारा बुधवार को न्यायालय के आदेश के पालन में बड़ी कार्रवाई करते हुए 11,023.8 बल्क लीटर जप्त अंग्रेजी शराब का नष्टीकरण किया गया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत 79 लाख 52 हजार 160 रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई संपन्न हुई। पुलिस के अनुसार थाना हरसूद के अपराध क्रमांक 193/2014 में धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी, 34 भादवि एवं धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत जप्त की गई अंग्रेजी शराब कुल 1130 पेटियों में रखी हुई थी।
सत्र न्यायालय हरसूद के आदेश तथा जिला आबकारी अधिकारी खंडवा के कार्यालय आदेश के पालन में गठित समिति की मौजूदगी में शराब नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। समिति में डिप्टी कलेक्टर दिशा भगोरे, एसडीओपी हरसूद लोकेन्द्र सिंह ठाकुर, एडीओ अजय पाल, थाना प्रभारी किल्लौद विजय वर्मा, एडीओ मीणा तथा थाना प्रभारी हरसूद निरीक्षक राजकुमार राठौर शामिल रहे।
कार्रवाई थाना हरसूद परिसर के पीछे खुले मैदान में की गई, जहां जप्त शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में पुराने प्रकरणों में जप्त मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के सुरक्षित निपटान के लिए न्यायालयीन आदेशों के अनुसार लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि अवैध शराब के दुरुपयोग की संभावना समाप्त हो सके।
