नयी दिल्ली 07 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने शुक्रवार को कहा कि यदि आम आदमी पार्टी (आप) के किसी भी प्रत्याशी के पास भाजपा की ओर से दलबदल करने के लिए सम्पर्क किया गया है, तो पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तुरंत इस संबंध में पुलिस से सम्पर्क करें और प्राथमिकी दर्ज करायें।
श्री सचदेवा ने बताया कि सांसद संजय सिंह द्वारा कल लगाये आरोप के बाद दिल्ली भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल ने उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को पत्र लिखकर इन आरोपों की अपराध रोधी ब्यूरो (एसीबी) से जांच करवाने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा, “गत वर्ष भी तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मंत्री सुश्री आतिशी ने भाजपा पर ‘ऑप्रेशन लोटस’ चला कर विधायक खरीद फरोख्त का आरोप लगाया था, जिसके बाद हमारे मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने उन पर मानहानि का मामले दर्ज किया, जिस मामले में सुश्री आतिशी जमानत पर हैं। अब मामला दिल्ली उच्च न्यायालय में है। इन मामलों में अब आप नेता शीघ्र जेल जा सकते हैं।”
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री केजरीवाल और श्री सिंह ने 15 विधायक प्रत्याशियों से सम्पर्क करने का आरोप भाजपा पर लगाया है, लेकिन मीडिया के सामने एक भी प्रत्याशी को खड़ा नहीं कर सके, जो इस संबंध में दावा करे।
उन्होंने कहा कि साफ दिख रहा है कि आप के नेता अब हार के डर से अपना मानसिक संतुलन खो रहे हैं।
उन्होंने कहा, श्री केजरीवाल, श्री सिंह से लेकर आप प्रवक्ता तक जो ‘ऑपरेशन लोटस’ का आरोप लगा रहे हैं यह दर्शा रहा है कि उन्होंने अपनी हार पहले ही स्वीकार कर ली है।
