मेलोनी-मोदी मुलाकात का असर: छह मिनट में छह प्रतिशत उछला पारले का शेयर

मुंबई, 20 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मेजबान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का एक वीडियो समाने आने के बाद बुधवार को एफएमसीजी कंपनी पारले इंडस्ट्रीज का शेयर छह मिनट में छह प्रतिशत उछल गया।

श्री मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली के दौरे पर सुश्री मेलोनी से मुलाकात की। मेजबान प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें श्री मोदी भी उनके साथ हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में दिखाया है कि उन्हें भारतीय प्रधानमंत्री से क्या उपहार मिला है। यह पारले प्रोडक्ट्स के मेलोडी ब्रांड चॉकलेटी टॉफी का एक पैकेट था।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद इस पर देश में बहस छिड़ गयी और पारले इंडस्ट्रीज का (पारले प्रोडक्ट्स नहीं) जो शेयर दोपहर 12.16 बजे 4.95 रुपये पर था, उछल कर अगले छह मिनट में 5.86 प्रतिशत बढ़कर 5.24 रुपये पर पहुंच गया। यह शेयर मंगलवार को पांच रुपये पर बंद हुआ था और आज सुबह गिर कर 4.95 रुपये के भाव पर खुला था। उछाल से पहले एक समय यह 4.84 रुपये तक उतर गया था।

इस वीडियो के सामने आने के बाद कंपनी के शेयर में अचानक उछाल दर्ज किया गया। खबर लिखे जाते समय कंपनी का शेयर 5.25 रुपये पर था।

कंपनी की स्थापना हाउस ऑफ पारले प्रोडक्ट्स नाम से साल 1928 में मुंबई के विले पार्ले में हुई थी और पहली फैक्ट्री 1929 में लगी। इसके संस्थापक मोहनलाल दयाल गुजरात के वलसाड के निकट पार्डी के रहने वाले थे और काम की तलाश में मुंबई आये थे। वह पेशे से दर्जी थे, लेकिन उस काम में मुनाफा कम होने के कारण उन्होंने कॉन्फेक्शनरी के क्षेत्र में हाथ आजमाया।

साल 1939 में कंपनी ने पारले ग्लूको के नाम से बिस्कुट बनाने शुरू किये जो 1980 के दशक में पारले-जी बन गया। साल 1942 में मोनैको के नाम से नमकीन क्रैकर, 1956 में चीजलिंग्स, 1963 में किस्मी, 1966 में पॉपिन्स और 1972 में क्रैकजैक बाजार में आया।

चॉकलेटी मेलोडी साल 1983 में और मैंगो बाइट साल 1989 में पेश किया गया था। साल 1986 में हाइड एंड सीक बिस्कुट और साल 2000 के बाद 20-20 बटर कुकीज तथा मैजिक्स बाजार में आये। कंपनी के इस समय 40 से ज्यादा ब्रांड बाजार में हैं।

 

Next Post

शॉर्ट सर्किट से इलेक्ट्रिक दुकान में लगी भीषण आग

Wed May 20 , 2026
उज्जैन। बढ़ते तापमान के साथ आगजनी की घटनाएं सामने आने लगी हैं। बुधवार सुबह डाबरी पीठा स्थित इलेक्ट्रिक दुकान में भीषण आग लग गई जिसके चलते आसपास के दुकानदारों में भी हडक़म्प मच गया था। आग पर फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर काबू पाया। बताया जा रहा है कि नई सडक़ […]

You May Like