मुंबई | बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अस्पताल परिसर में पैपराजी के व्यवहार और उनकी प्राइवेसी में दखल को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। बुधवार को सोशल मीडिया पर लगातार चार पोस्ट साझा करते हुए सलमान ने फोटोग्राफरों को नसीहत दी कि वे किसी के निजी दुख और अस्पताल जैसी संवेदनशील स्थिति का तमाशा न बनाएं। अभिनेता ने स्पष्ट किया कि उन्हें उन पत्रकारों से गहरी निराशा हुई है, जिनका उन्होंने हमेशा समर्थन किया है, लेकिन अब वे उनके दुख का फायदा उठाकर पैसे कमाने की कोशिश कर रहे हैं।
सलमान ने अपने पोस्ट में पैपराजी के रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, “भाई, ये कोई फिल्म का सीन नहीं है।” उन्होंने नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी ने उनके या उनके परिवार के मुश्किल समय का फायदा उठाने की कोशिश की, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे 60 वर्ष के हो चुके हैं, लेकिन अपनी गरिमा और आत्मसम्मान के लिए लड़ना नहीं भूले हैं। सलमान का यह कड़ा रुख उनकी प्राइवेसी को लेकर बढ़ती चिंताओं को साफ तौर पर उजागर करता है।
यह विवाद मंगलवार रात उस समय शुरू हुआ जब सलमान खान एक अस्पताल से बाहर निकल रहे थे। उस समय वहां मौजूद पैपराजी ने उन्हें घेर लिया और उनकी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ का नाम लेकर जोर-जोर से तस्वीरें लेने लगे। इस दौरान सलमान का संयम टूट गया और उन्होंने गुस्से में उनसे तमीज से पेश आने को कहा। पैपराजी के पागलपन भरे व्यवहार से नाराज होकर सलमान ने अपनी कार आगे बढ़ाई, जिसके बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया है।

