
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया जिसने इलाके में दहशत फैला दी है। बदमाशों ने आधी रात घर के पीछे के दरवाजे में छेद कर पूरे परिवार को अंदर बंद कर दिया और फिर घर से भारी-भरकम गोदरेज अलमारी उठाकर खेत तक ले गए। वहां अलमारी तोडक़र करीब 50 लाख रुपए के जेवर और नगदी पार कर दिए। घटना के बाद मुर्तला वार्ड क्रमांक-2 निवासी 60 वर्षीय श्रीकांत मिश्रा ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 15 मई की रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद अलग-अलग कमरों में सोए हुए थे। रात करीब 2:15 बजे बेटी अपर्णा द्विवेदी जब दादी के कमरे की ओर जाने लगी तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद शोर मचाया, तब जाकर पत्नी ने दरवाजा खोला। वहीं जब परिवार ने घर के बाहर जाकर देखा तो पीछे के मेन गेट के कुंदे के पास छेद दिखाई दिया। शक होने पर घर की तलाशी ली गई तो मां इंद्रवती मिश्रा के कमरे में रखी गोदरेज अलमारी गायब थी। आसपास खोजबीन करने पर अलमारी घर से कुछ दूरी पर बद्री प्रसाद विश्वकर्मा के खेत में टूटी हालत में मिली। वही पीडि़त के अनुसार अलमारी में सोने-चांदी के दर्जनों जेवर, नकदी और परिवार की महिलाओं के कीमती गहने रखे थे। चोर सोने के हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके, चांदी की पायलें और करीब 80 हजार रुपये नगद ले गए। खास बात यह रही कि चोर केवल जेवर और नकदी लेकर गए, जबकि कपड़े वहीं छोड़ दिए। इस घटना को लेकर इलाके में भय का माहौल है। पीडि़त परिवार का कहना है कि चोरों ने पूरी वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी।
इनका कहना है
चोरी की घटना सामने आने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुधांशु तिवारी, थाना प्रभारी रामपुर नैकिन
