ब्रिटेन में हरियाणा के बेटे का कमाल, 23 वर्षीय तुषार कुमार बने सबसे युवा भारतीय मूल के मेयर

लंदन। भारतीय युवाओं की प्रतिभा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकी है। हरियाणा के रोहतक से ताल्लुक रखने वाले 23 वर्षीय तुषार कुमार ने ब्रिटेन की राजनीति में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एल्स्ट्री और बोरहमवुड टाउन काउंसिल के मेयर पद पर जीत दर्ज की है। लेबर पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरे तुषार ने बेहद कांटे की टक्कर में अपने प्रतिद्वंद्वी को सिर्फ एक वोट से मात दी।

दोबारा मतगणना के बाद उनकी जीत की आधिकारिक घोषणा हुई। इस उपलब्धि के साथ तुषार ब्रिटेन में सबसे कम उम्र के भारतीय मूल के मेयर बन गए हैं। इससे पहले वर्ष 2023 में उन्होंने महज 20 वर्ष की आयु में सबसे युवा भारतीय मूल के काउंसलर बनने का रिकॉर्ड बनाया था।

तुषार ने किंग्स कॉलेज लन्दन से राजनीति विषय में बीएससी की पढ़ाई की है और अब वह यूनिवर्सिटी कॉलेज लन्दन में पॉलिटिकल इकोनॉमी में मास्टर्स की तैयारी कर रहे हैं।

रोहतक में बचपन बिताने वाले तुषार 10 साल की उम्र में अपने परिवार के साथ ब्रिटेन चले गए थे। उनकी मां परवीन रानी ने भी स्थानीय चुनाव में जीत हासिल की है और उन्हें डिप्टी मेयर चुना गया है।

तुषार का कहना है कि उनकी मां ने उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने की सीख दी। बतौर काउंसलर उन्होंने अपने क्षेत्र में दिवाली समारोह की शुरुआत कराई, जो अब हर साल आयोजित होने वाला बड़ा सामुदायिक कार्यक्रम बन चुका है।

Next Post

ललितपुर में लुटेरी दुल्हन के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, खाने में नशा देकर भागने वाली महिला समेत 8 गिरफ्तार

Tue May 19 , 2026
ललितपुर। बार थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो शादी के नाम पर लोगों को अपना शिकार बनाता था। गिरोह की महिलाएं पहले खुद को कुंवारी बताकर युवकों से शादी करती थीं, फिर शादी के कुछ दिन बाद परिवार को खाने में नशीला पदार्थ […]

You May Like