इंदौर: संयोगितागंज थाना क्षेत्र में नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लेने के विवाद में तीन युवकों ने एक युवक और उसी के दोस्त का अपहरण कर लिया. आरोपियों ने दोनों को जबरन कार में बैठाकर सुदामा नगर ले जाकर धमकाया और बाद में खुद ही थाने पहुंचा दिया.छोटी खजरानी में रहने वाले 25 वर्षीय फरियादी अर्जुन पाटीदार हाल मुकाम नवलखा आरके हॉस्पिटल के पास, ने शिकायत दर्ज कराई है.
गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है, जब वह भगतसिंह कैफे के पास अपने दोस्त दीपांशु गोस्वामी के साथ खड़ा था. इसी दौरान पीछे से तीन युवक आए और दोनों को पकड़कर जबरन थार गाड़ी में बैठा लिया. आरोपियों ने दोनों को सुदामा नगर ले जाकर कहा कि सीएस कंसलटेंसी एजेंसी में नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे 35 हजार रुपए लिए गए थे, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई गई.
इस पर फरियादी ने कहा कि इस मामले में कंपनी से बात करें. इसी बीच फरियादी ने अपने मोबाइल से छिपकर अपने छोटे भाई ओम पाटीदार को लोकेशन भेज दी और फोन पर घटना की जानकारी दी. लोकेशन शेयर होने की भनक लगते ही आरोपी घबरा गए और दोनों को लेकर थाना अन्नपूर्णा पहुंच गए. पुलिस ने मामले में ऋषिराज राणा, सुमित शर्मा (दोनों निवासी रतलाम) और शिवम लोधी (निवासी इंदौर) के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
