मेडागास्कर में सेना के माइकल रैंड्रियनिरिना बने राष्ट्रपति, सत्ता परिवर्तन की वैश्विक आलोचना

एंटानानारिवो, 17 अक्टूबर (वार्ता) मेडागास्कर में सेना के अधिकारी माइकल रैंड्रियनिरिना ने शुक्रवार को राजधानी मेडागास्कर में राष्ट्रपति पद की शपथ ली लेकिन उनको वैश्विक स्तर पर कड़ी आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
श्री रैंड्रियनिरिना ने देश के संवैधानिक उच्च न्यायालय में कहा, “ईश्वर, राष्ट्र और जनता के समक्ष, मैं मेडागास्कर के राष्ट्राध्यक्ष के रूप में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ लेता हूँ।” वह यह ऐलान पहले ही कर चुके हैं कि मेडागास्कर में राज्य सत्ता उनके हाथ में आ गई है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय “संविधान का पालन न करने और मानवाधिकारों के उल्लंघन” के बाद लिया गया है। लेकिन उनकी राह इतनी आसान नहीं है। उनके शपथ लेने के बाद से ही देश और वैश्विक स्तर पर कड़ी आलोचनाओं और प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि मेडागास्कर में दो सप्ताह से अधिक चले विरोध प्रदर्शन के बाद तत्कालीन राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना कुर्सी छोड़कर गायब हो गए थे, जिसके बाद सेना ने सत्ता पर कब्जा कर लिया था। बाद में मेडागास्कर की संवैधानिक न्यायालय ने कर्नल माइकल रैंड्रियानिरीना को राष्ट्रपति के रूप में नियुक्त किए जाने की अनुमति दे दी थी।
संयुक्त राष्ट्र और अफ्रीकी संघ जैसे संगठनों सहित फ्रांस आदि कई देशों ने इस असंवैधानिक बदलाव की आलोचना करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था की शीघ्र वापसी की माँग की है।
अफ्रीकी संघ ने अपनी शांति और सुरक्षा परिषद की बैठक के दौरान, मेडागास्कर की सदस्यता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अफ्रीकी संघ आयोग के अध्यक्ष ने कहा, “किसी भी हाल में ताकत की सत्ता कानून की सत्ता पर हावी नहीं होनी चाहिए।” साथ ही अध्यक्ष ने जोर दिया कि असंवैधानिक तरीकों से सत्ता पर किसी भी तरह का कब्ज़ा संघ के संस्थापक सिद्धांतों का गंभीर उल्लंघन है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफ़न दुजारिक ने इस स्थिति की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र समावेशी संवाद और वैध संस्थाओं की बहाली का आह्वान करता है।
फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने 15 अक्टूबर को जारी एक बयान में कहा, “एक निष्पक्ष और अधिक सम्मानजनक जीवन के लिए मेडागास्कर के लोगों की गहरी आकांक्षाओं को अवश्य सुना जाना चाहिए।” साथ ही फ्रांस ने लोकतंत्र, कानून के शासन और मौलिक स्वतंत्रताओं को बनाए रखने की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया।
रूस ने हालांकि इस मामले पर एक अधिक संतुलित रुख अपनाते हुए इस घटना को मेडागास्कर का “आंतरिक मामला” बताया। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा, “हम संयम बरतने का आह्वान करते हैं और उम्मीद करते हैं कि मेडागास्कर लोकतांत्रिक विकास के पथ पर तेज़ी से लौटेगा।”

Next Post

बैतूल में जल्द बनेगा आधुनिक फायर स्टेशन, ई-चार्जिंग स्टेशन और ISBT

Fri Oct 17 , 2025
बैतूल। शहर में अब विकास की नई सौगात मिलने जा रही है। जिला प्रशासन ने करबला रोड के पास करीब 4 एकड़ जमीन फायर स्टेशन, ई-चार्जिंग स्टेशन और आईएसबीटी बस स्टैंड के निर्माण के लिए नगर पालिका को आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन परियोजनाओं के लिए […]

You May Like