म्यूचुअल फंड में बढ़ रही है महिलाओं की भागीदारी: रिपोर्ट

चेन्नई, 19 मई (वार्ता) वित्तीय स्वतंत्रता और संपत्ति निर्माण के बारे में बढ़ती जागरुकता के कारण देश में महिला निवेशकों की संख्या लगातार बढ़ रही है और सेवा क्षेत्र के फंड्स में उन्होंने वित्त वर्ष 2025-26 में 11.3 लाख करोड़ रुपये का योगदान दिया है। देश के सबसे बड़े म्यूचुअल फंड रजिस्ट्रार और एजेंट ‘कंप्यूटर एज मैनेजमेंट सर्विसेज’ (सीएएमएस) की मंगलवार को जारी रिपोर्ट “गोइंग बियॉन्ड दि बॉक्स – रिपोर्ट ऑन वीमेन इनवेस्टर्स 2026” में आंतरिक आंकड़ों के हवाले से कहा गया है कि म्यूचुअल फंड एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) में महिलाओं का योगदान अब 11.3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जिसमें वित्त वर्ष 2025-26 में तीन लाख करोड़ रुपये का सकल इनफ्लो योगदान रहा। यह देश के निवेश परिदृश्य में महिलाओं की भूमिका में आयी मजबूती को दर्शाता है।

सीएएमएस-सेवा वाले म्यूचुअल फंड्स के आंकड़ों पर आधारित यह रिपोर्ट देश में महिला निवेशकों की बढ़ती ताकत और गति को रेखांकित करती है। रिपोर्ट पर टिप्पणी करते हुए सीएएमएस के प्रबंध निदेशक अनुज कुमार ने कहा, “भारत भर के बड़े महानगरों से लेकर उभरते शहरों तक, वित्तीय स्वतंत्रता और संपत्ति निर्माण के बारे में महिलाओं की बढ़ती जागरूकता से निवेश का परिदृश्य बदल रहा है। यह लंबे समय के लिए संपत्ति बनाने के प्रति महिलाओं के दृष्टिकोण में आये बदलाव और निवेश करने में उनके बढ़ते आत्मविश्वास का स्पष्ट प्रतिबिंब है।” रिपोर्ट में बताया गया है कि इक्विटी निवेश अभी भी हावी है, लेकिन हाइब्रिड और समाधान-उन्मुख फंड में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। लाइव एसआईपी में महिलाओं की हिस्सेदारी 29 प्रतिशत है, जो नियमित और लंबे समय के निवेश की ओर उनके बढ़ते झुकाव को दिखाता है। महिला निवेशकों में लगभग 75 प्रतिशत पचास साल से कम उम्र की हैं, और 35 साल से कम उम्र के वर्ग में खास तौर पर तेजी देखी गयी है। अब 45 प्रतिशत महिला निवेशक शीर्ष 30 शहरों से बाहर के इलाकों से आती हैं, जो देश में म्यूचुअल फंड की गहरी पहुंच का संकेत है।

.....

Next Post

दंतेवाड़ा के विज्ञान केंद्र पहुंचे सीएम डॉ यादव

Tue May 19 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंगलवार को अपने बस्तर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा स्थित विज्ञान केंद्र का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विज्ञान केंद्र में उपलब्ध विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों, नवाचारों और तकनीकी प्रदर्शनों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में युवाओं और विद्यार्थियों […]

You May Like