कोलकाता, 05 जुलाई (वार्ता) पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्धमान जिले में एक खाली मकान में हुए एक शक्तिशाली विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि कुछ बदमाश देशी बम बना रहे थे, तभी तेज धमाके के साथ यह विस्फोट हुआ।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह विस्फोट शुक्रवार को कटवा उपमंडल के राजोआ गांव में रात लगभग आठ बजकर 30 मिनट पर हुआ, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि विस्फोट के कारण एस्बेस्टस की छत चकनाचूर हो गयी और एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
घायल व्यक्ति की पहचान तूफान चौधरी के रूप में हुई है, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसे कई चोटें आयीं, जिसके बाद उसे कटवा मोहोकुमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम करने के लिए उसी अस्पताल में भेजा गया। गांव वाले मृतक की पहचान नहीं कर सके। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि उन्हें धमाकों की आवाजें दो बार सुनायी दीं और इससे पूरे गांव में हलचल मच गयी।
पुलिस का अनुमान है कि बदमाश देशी बम बना रहे थे और पुलिस ने विस्फोटकों को संग्रहीत करने और इस आपराधिक कृत्य में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
