नयी दिल्ली, 19 मई (वार्ता) कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और देश में पैदा हो रही ईंधन संकट की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है।
श्री वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार चरणबद्ध तरीके से ईंधन की कीमतें बढ़ा रही है और आम जनता को लगातार महंगाई का बोझ झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में वृद्धि की गई है और सरकार की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा कि आगे जनता को और कितना बोझ उठाना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि देशभर में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं और ऊर्जा संकट को लेकर लोगों में घबराहट का माहौल है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि ऐसे कठिन समय में केंद्र सरकार को स्थिति संभालनी चाहिए लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश दौरों में व्यस्त हैं और वित्त मंत्री कहीं दिखाई नहीं दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की मौजूदा स्थिति के लिए सरकार की विदेश नीति भी जिम्मेदार है। श्री वेणुगोपाल ने कहा कि यदि सरकार अमेरिका के दबाव में नहीं होती तो भारत को रूस, ईरान और वेनेजुएला जैसे देशों से तेल खरीदने से पीछे नहीं हटना पड़ता। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की तरह भारत को फिर से अपनी ऊर्जा संप्रभुता की रक्षा करनी चाहिए और किसी अन्य देश को अपने महत्वपूर्ण फैसलों पर प्रभाव नहीं डालने देना चाहिए। कांग्रेस महासचिव ने सरकार से ईंधन संकट और बढ़ती कीमतों को लेकर स्पष्ट कार्ययोजना पेश करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द कदम नहीं उठाए तो जनता और विपक्ष सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। 15 मई को तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम में तीन रुपए प्रति लीटर तक की वृद्धि की थी, जबकि आज दूसरी बार कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

