
भोपाल। ऐशबाग थाना क्षेत्र में एक युवक पर उसके मोहल्ले के आरोपी युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. चाकू से हुए हमले के चलते युवक को गंभीर घाव हुए हैं. पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक बिस्मिल्ला कॉलोनी निवासी आसिफ खान नाम के युवक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. आसिफ का आरोप है कि सोहेल, परवेज, मुन्ना, अमन ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उसपर रविवार को देर रात हमला किया. आरोपी सोहेल ने आसिफ के घर में पाले गए एक बकरे को लेकर पहले ताना दिया था. इस पर आसिफ ने विरोध किया तो सोहेल ने विवाद किया. पड़ोसियों के मामले में बीच-बचाव करने से मामला शांत हो गया. इसके बाद सोहेल ने अपने अन्य साथियों को बुलाया और आसिफ के घर में घुस गया. आरोपियों ने आसिफ के साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया. इस हमले से आसिफ को गंभीर घाव हो गए. पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की. सभी आरोपी मौके से भाग निकले. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
