
रीवा। इस माह के प्रथम सप्ताह में तेज आंधी-बारिश के साथ कई दिनो तक भीषण गर्मी और तापमान से राहत मिली है लेकिन अब गर्मी अपर असर दिखाना शुरू कर दी है. सुबह से दोपहर जैसा ताप रहता है और दोपहर तक तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच जाता है.
सोमवार को एक बार फिर तापमान 44.5 डिग्री पर पहुंच गया. इस माह का सबसे गर्म दिन रहा. आने वाले दो दिनो में दो डिग्री तापमान और बढऩे की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है. गौरतलब है कि इस माह का सबसे गर्म दिन रहा, जब तापमान 44.5 डिग्री पर पहुंच गया. दोपहर तेज गर्म हवाएं 12 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलती रही और शाम तक लू के थपेड़े से लोग बेहाल रहे. हालत यह है कि गर्मी के चलते एसी-कूलर काम नही कर रहे है, जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है. सुबह 7 बजे से गर्मी का असर दिखने लगता है और दोपहर तक हालत खराब हो जाती है. 10 बजे के बाद घरो से निकलना मुश्किल होता है. हालत यह है कि दोपहर बाजार की सडक़ो में सन्नाटा रहता है और शाम 6 बजे के बाद ही लोग घरो से निकलते है. दिन के साथ-साथ रात का भी तापमान बढ़ा है, रात का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री पहुंच गया है. अभी दो दिन पहले तडक़े झमाझम बारिश हुई थी लेकिन बादल हटने के साथ तापमान तेजी से बढ़ गया है. सोमवार को सबसे ज्यादा तेज धूप के साथ गर्मी थी बाहर निकलने पर शरीर झुलस रहा था. ऐसा लग रहा था जैसे आसमान से आग बरस रही है. सात दिन बाद नौतपा शुरू हो जाएगा, 25 मई से लेकर 2 जून तक नौतपा भी तपाएगा. उम्मीद है कि इस बार नौतपा में तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है. बीच में बूूंदाबांदी भी होने की संभावना जताई जा रही है. गर्मी के बीच जल संकट भी गहरा रहा है, नहरो में पानी बंद है नदी तालाब सूख रहे है. जल स्तर नीचे खिसकने से हैण्डपम्प पहले से ही हवा छोड़ रहे है. नलजल योजनाओं से भी ग्रामीण अंचलो में पानी नही मिल रहा है.
अस्पताल में तेजी से बढ़ रहे मरीज
शहर एवं ग्रामीण अंचलो के अस्पताल में मरीजो की संख्या तेजी से बढ़ रही है. संजय गांधी अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 18 से दो हजार मरीज पहुंच रहे है. जिसमें से प्रतिदिन दो से तीन सौ मरीज भर्ती हो रहे है. हालत यह है कि अस्पताल में बेड़ भर चुके है और सबसे ज्यादा उल्टी, दस्त, मलेरिया, बुखार एवं पीलिया से ग्रसित मरीज पहुंच रहे है. यही हाल जिला चिकित्सालय का है जहा मरीजो की संख्या बढ़ती जा रही है. लू लगने से गर्म हवाओं के चपेट में आने से लोग बीमार हो रहे है.
