सीधी: जिले के सेमरिया थानांतर्गत मनकीसर गांव में आज सोमवार सुबह करीब 8 बजे बरहौं संस्कार कार्यक्रम के दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। यह मामूली कहासुनी जल्द ही खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार मनकीसर गांव निवासी अमृतलाल कोल के यहां बरहौं संस्कार का आयोजन किया गया था।
इस कार्यक्रम में खड़ौरा गांव से आए कुछ रिश्तेदार भी शामिल थे। इसी दौरान स्थानीय युवक राघवेंद्र कोल भोजन स्थल के पास रखी एक कुर्सी पर बैठ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि संतोष ,नीलकंठ और राजबहोर कोल सहित लगभग आधा दर्जन लोगों ने राघवेंद्र को घेर लिया। उन्होंने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई की, जिससे युवक के सिर से खून बहने लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गांव के लोगों ने गंभीर रूप से घायल राघवेंद्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल सीधी रेफर कर दिया गया। युवक का इलाज फिलहाल जारी है। हालात में सुधार आने पर राघवेंद्र कोल ने बताया कि उसने केवल बैठने के लिए कुर्सी मांगी थी। वह दूसरी कुर्सी पर बैठ गया, लेकिन कुछ लोगों ने उसे वहां से उठने के लिए कहा। जब उसने इसका विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
इनका कहना है
घायल पक्ष द्वारा आवेदन दिया गया है। पहले घायल का इलाज कराया गया और अब पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
केदार परौहा , थाना प्रभारी सेमरिया
