जबलपुर: एआईडीईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसएन पाठक ने पत्रकारवार्ता आयोजित कर कहा है कि मद्रास हाईकोर्ट में दायर याचिका पर सरकार ने एफिडेविट देकर स्पष्ट किया है कि आयुध कर्मी सेवानिवृत्ति तक सरकारी कर्मचारी ही बने रहेंगे। उन्हें आयुध निर्माणियों के निजीकरण से कोई डरने की जरूरत नहीं है। इस दौरान उन्होंने ये भी बताया कि अनुकंपा नियुक्ति और भर्ती प्रक्रिया बहाल कराने के लिए एआईडीईएफ ने लगातार आंदोलन किए, जिसके बाद सरकार ने रोक हटाई है।
श्री पाठक ने कहा कि एआईडीईएफ कर्मचारियों के अधिकारों के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय है। बरगी हादसे में पीड़ित परिवारों की सहायता इसका उदाहरण है। उन्होंने बताया कि एमसीएम से चार्जमैन प्रमोशन मामले में सर्वोच्च न्यायालय का आदेश आने के बावजूद डीओपीटी द्वारा विलंब किया जा रहा है, जिसके विरोध में 28 मई से राष्ट्रव्यापी आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने ओल्ड पेंशन स्कीम, नियमित भर्ती एवं 8वें वेतनमान में मूल वेतन 69 हजार करने की मांग भी उठाई।
उत्तम विश्वास बने प्रदेश के मीडिया प्रमुख
पत्रकारवार्ता के दौरान एआईडीईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसएन पाठक ने घोषणा करते हुए बताया कि उत्तम विश्वास मध्य प्रदेश के एआईडीईएफ के मीडिया प्रमुख के रूप में नियुक्त किए गए हैं। इस मौके पर संगठन मंत्री अर्नब दास गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य अमरीश सिंह, रोहित यादव, पुष्पेंद्र सिंह, विनय गुप्ता, राजा पांडे, राकेश दुबे, सिमेंद्र रजक, विकास यादव, मोहन लाल, जितेंद्र यादव, पीके तिवारी, वीरेन्द्र साहू उपस्थित थे।
