जबलपुर: नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने रविवार को दमोह नाका चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक अर्थी जुलूस निकालते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं एवं पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई।
इस दौरान युवा कांग्रेस नेताओं का कहना था कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का शिक्षा व्यवस्था से भरोसा उठता जा रहा है और पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर अध्यक्ष सोनू कुकरेले और भानु यादव ने कहा कि मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा सीबीआई जांच कर छात्रों को न्याय दिलाया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, अभ्युत बाजपेई, मोंटी वंशकार, अन्नू तिवारी, बसंत ठाकुर, सचिन जैन, अंकुर गुप्ता, नितिन सिंह, प्रवीण चौधरी, दिलीप चमकेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
