जबलपुर:स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत संस्कारधानी जबलपुर को स्वच्छता के शिखर पर पहुँचाने के लिए रविवार को एक ऐतिहासिक और ऊर्जावान शुरुआत हुई। रविवार सुबह नगर निगम मुख्यालय से महापौर जगत बहादुर सिंह ”अन्नू, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार की अगुवाई में एक विशाल स्वच्छता साइकिल रैली निकाली गई, जिसका समापन सिविल लाइन स्थित सतपुड़ा क्लब के सामने हुआ। यहां पर नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी थी।
महापौर, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज एवं निगमायुक्त ने इस मौके पर स्वयं मिसाल पेश करते हुए न केवल साइकिल चलाई, बल्कि हाथों में झाड़ू थामकर स्वच्छता श्रमदान भी किया। साथ ही उन्होंने शहर की सुंदरता को चार चांद लगाने के लिए दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग भी बनाई। आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देशव्यापी आह्वान के अनुरूप साइकिल रैली के माध्यम से ईंधन बचाने, प्रदूषण कम करने और देश की आर्थिक तरक्की में योगदान देने का संदेश दिया गया गया।
न गंदगी करेंगे, न करने देंगे का महासंकल्प
साइकिल रैली के समापन के गरिमामयी अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने उपस्थित सभी जनों और शहर के नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जबलपुर हमारा घर है और इसे स्वच्छ रखना हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। हम संकल्प लेते हैं कि न खुद गंदगी करेंगे और न ही किसी को करने देंगे।
