मक्सी में रेलवे फाटक के पास मिलीं 6 पेटी जिलेटिन रॉड, क्या रतलाम में हुई ट्रक कटिंग से जुड़ा है मामला?

मक्सी। मक्सी थाना क्षेत्र में उज्जैन रोड स्थित देवास रेलवे फाटक के पास शनिवार सुबह करीब 11 बजे संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने से हडक़ंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया. पुलिस ने मौके से करीब 6 पेटी जिलेटिन रॉड बरामद की हैं, जिनका उपयोग आमतौर पर खदानों और ब्लास्टिंग कार्यों में होता है.

रेलवे कर्मचारी ने रेलवे फाटक की पटरियों से लगे खेत के पास संदिग्ध हालत में रखी इन पेटियों को देखकर आरपीएफ पुलिस को सूचना दी थी. आरपीएफ ने मक्सी पुलिस को सूचना दी. चूंकी यह क्षेत्र मक्सी थाना सिटी पुलिस के अंतर्गत आता है इसीलिए सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लिया.मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है.

विशेषज्ञ टीम को बुलाया

फिलहाल बरामद सामग्री विस्फोटक पदार्थ प्रतीत हो रही है. इसकी जांच के लिए बीडीडीएस विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है, जो सामग्री की जांच कर रिपोर्ट देगी. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. मौके पर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, उप पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय, एसडीओपी अजय मिश्र, मक्सी थाना प्रभारी संजय कुमार वर्मा, आरपीएफ डीएसपी राजीव उपाध्याय, आरपीएफ मक्सी थाना प्रभारी विकास गुर्जर, मक्सी थाना एवं मक्सी आरपीएफ थाने के जवान मौके पर मौजूद रहे.

विस्फोटक सामग्री यहां कैसे पहुंची…?

मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि बरामद सामग्री प्रथम दृष्टया जिलेटिन रॉड प्रतीत हो रही है. फिलहाल सभी पेटियों को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है और विशेषज्ञों की मदद से इसकी जांच कराई जा रही है.पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह विस्फोटक सामग्री यहां कैसे पहुंची और इसे किस उद्देश्य से रखा गया था.पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है. प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर बताया कि रतलाम क्षेत्र में एक मैगजीनविस्फोटक भंडारण स्थल से विस्फोटक सामग्री चोरी होने और ट्रक कटिंग की घटना सामने आई थी. हालांकि इस संबंध में मक्सी थाने को अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है. प्रारंभिक तौर पर यह बताया गया है कि ट्रक कटिंग के दौरान कुछ माल गायब या चोरी हुआ है. संबंधित पक्षों के आने के बाद ही पूरे मामले में विस्तृत चर्चा और पुष्टि हो सकेगी.

Next Post

शनिश्चरी अमावस्या पर हजारों ने लगाई आस्था की डुबकी

Sat May 16 , 2026
बुधनी। ज्येष्ठ अमावस्या और शनि जयंती के दुर्लभ संयोग पर शनिवार को क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया. 13 वर्ष बाद शनिवार के दिन शनि जयंती और शनिश्चरी अमावस्या एक साथ पडऩे से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. सुबह होते ही नर्मदा घाट, बरखेड़ी घाट सहित विभिन्न नर्मदा […]

You May Like