सिलहट, 16 मई (वार्ता) खुर्रम शहजाद (चार विकेट) और मोहम्मद अब्बास (तीन विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शनिवार को बंगलादेश की पहली पारी को 278 रन पर समेटने के बाद स्टंप के समय बिना कोई विकेट खोए 21 रन बना लिये है। आज यहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश को मोहम्मद अब्बास ने पहले ही ओवर में महमूदुल हसन जॉय (शून्य) को आउट कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद मोमिनुल हक ने तंजिद हसन के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 43 रन जोड़े। 10वें ओवर में अब्बास ने तंजिद हसन (26) रन को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण के आगे बंगलादेशी बल्लेबाज अंतराल पर अपने विकेट गंवाते रहे। मोमिनुल हक (22) को खुर्रम शहजाद ने आउट किया। कप्तान नजमुल हसन शांतो (29) को मोहम्मद अब्बास ने आउट किया।
इस दौरान बल्लेबाजी करने आये लिटन कुमार दास ने मोर्चा संभाला और एक छोर थामे तेजी के साथ रन बनाते रहे। पांचवें विकेट के रूप में मुश्तफिकुर रहीम (23) को शहजाद ने आउट किया। मेहदी हसन मिराज (चार), तैजुल इस्लाम (16), तस्कीन अहमद (सात) और नाहिद राणा (शून्य) परआउट हुये। 77वें ओवर की आखिरी गेंद पर हसन अली ने लिटन कुमार दास को आउटकर बंगलादेश की पहली पारी का 278 रन पर अंत किया। लिटन कुमार दास ने 159 गेंदों में 16 चौके और दो छक्कों की मदद से 126 रनों की शतकीय पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से खुर्रम शहजाद चार विकेट और मोहम्मद अब्बास ने तीन विकेट लिये। हसन अली को दो और साजिद खान को एक विकेट मिला। पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय पाकिस्तान ने छह ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाये 21 रन बनाये है। अज़ान अवैस (नाबाद 13) और अब्दुल्लाह फैजल (नाबाद आठ) क्रीज पर मौजूद थे।

