इंदौर: चंदन नगर थाना पुलिस ने ऑटो चालक से मोबाइल फोन और नकदी लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और 500 रुपए नगद भी बरामद किए हैं.थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर झपटमारी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चंदन नगर पुलिस टीम ने 22 वर्षीय केशव उर्फ छोटू और 21 शाहरुख दोनों निवासी सिरपुर को गिरफ्तार किया.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ऑटो चालक से मोबाइल फोन और नगदी लूटने की वारदात कबूल की, जिसके बाद उनके कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 14 हजार रुपए बताई गई है, और 500 रुपए नगद जब्त किए है. गिरफ्तार आरोपी केशव उर्फ छोटू थाना चंदन नगर का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पूर्व में 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. इसके अलावा वह दो गिरफ्तारी वारंट में भी वांछित था. वहीं, आरोपी शाहरुख के खिलाफ भी पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज होना सामने आया है. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य लूट और झपटमारी की घटनाओं को लेकर भी पूछताछ कर रही है और इनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.
