पर्थ (ऑस्ट्रेलिया) 06 मार्च (वार्ता) ऐनाबेल सदरलैंड (चार विकेट) और लूसी हैमिल्टन (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने शुक्रवार को खेले जा रहे एकमात्र दिन रात्रि टेस्ट मैच में भारतीय टीम को 198 के स्कोर पर रोक दिया। डिनर के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 14 रन जोड़कर अपने दोनों विकेट गंवा दिये। सायली सातघरे (सात) को सदरलैंड ने आउट किया। इसके बाद 63वें ओवर की चौथी गेंद पर डार्सी ब्राउन ने क्रांति गौड़ (एक) को आउटकर 198 के स्कोर पर भारतीय पारी का अंत कर दिया। काश्वी गौतम ने 54 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 34 रन बनाये। आज यहां इससे पहले जेमिमाह रॉड्रिग्स (52) और शेफाली वर्मा (35) की जूझारू पारियों के दम पर
भारतीय महिला टीम ने डिनर तक आठ विकेट पर 184 रन बना लिये थे। ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करनी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पांचवें ही ओवर में 18 के स्कोर पर स्मृति मंधाना (चार) का विकेट गंवा दिया। उन्हें लूसी हैमिल्टन ने आउट किया। इसके बाद शेफाली वर्मा और प्रतिका रावल ने पारी को संभालने का प्रयास किया। 16वें ओवर में ऐनाबेल सदरलैंड ने शेफाली वर्मा (35) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। प्रतिका रावल (18) को भी सदरलैंड ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर आउट किया।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे भारतीय बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। कप्तान हरमनप्रीत कौर (19), दीप्ति शर्मा (सात), ऋचा घोष (11) और स्नेह राणा (पांच) रन बनाकर आउट हुई। जेमिमाह रॉड्रिग्स ने भारत के लिए सर्वाधिक 52 रनों की पारी खेली। उन्होंने 84 गेंदों का सामना किया और सात चौके लाये। ऑस्ट्रेलिया की ओर से ऐनाबेल सदरलैंड ने चार विकेट लिये । लूसी हैमिल्टन को तीन विकेट मिले। डार्सी ब्राउन और एश्ले गार्डनर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

