जम्मू, 06 मार्च (वार्ता) क्रिकेटर शिखर धवन द्वारा स्थापित ‘दा वन स्पोर्ट्स’ ने छात्रों के लिए बहु-खेल विकास कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इसके लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिला स्थित जंगलोट के आर्मी पब्लिक स्कूल के साथ रणनीतिक साझेदारी की है।
यह पहल क्षेत्र में जमीनी स्तर पर खेल शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे युवा एथलीटों को पेशेवर प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे। योग्य कोचो द्वारा अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर प्रदर्शन को निखारने के लिए तैयार यह कार्यक्रम कई खेलों में प्रशिक्षण दिया जायेगा। इनमें क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेनिस और गोल्फ शामिल हैं।
‘दा वन ग्रुप’ के अध्यक्ष शिखर धवन ने कहा, “भविष्य के चैंपियनों को तैयार करने के लिए अनुशासन, अवसर और युवा एथलीटों के विकास के लिए सही माहौल की मजबूत नींव की आवश्यकता होती है, विशेषकर जम्मू-कश्मीर जैसे क्षेत्रों में जरूरी है, जहां संभावनाएं असीमित हैं।” ‘दा वन ग्रुप’ की मुख्य कार्यकारी अंशिता गुप्ता ने कहा, “हमें आर्मी पब्लिक स्कूल के साथ साझेदारी करने पर गर्व है। यह ऐसा संस्थान है, जो अनुशासन, उत्कृष्टता और खेल उपलब्धियों की भारतीय सेना की दीर्घकालिक विरासत को दर्शाता है। सैन्य प्रतिष्ठान दशकों से भारत के खेल पारिस्थितिकी तंत्र में सबसे आगे रहे हैं। उन्होंने ऐसे एथलीट तैयार किये हैं, जो लचीलापन, चरित्र और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक हैं।”

