
इंदौर। धार रोड स्थित डीयू ड्रॉप एरिगेशन प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में शनिवार सुबह करीब 7 बजे आग लग गई. आग इतनी विकराल थी कि काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया. सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी.
आग तेजी से फैलते हुए पूरी फैक्ट्री में पहुंच गई. आग बुझाने के लिए दमकल की 6 से अधिक गाड़ियां, पोकलेन मशीन और फायर फाइटिंग रोबोट तक मंगाया गया. अब तक करीब 35 टैंकर पानी का उपयोग किया जा चुका है. फायर ऑफिसर अजय कुमार ने बताया कि क्षेत्र में पानी के पर्याप्त सोर्स नहीं होने से आग बुझाने में दिक्कत आ रही है, इसलिए बाहर से पानी मंगाकर टैंकरों को भरा जा रहा है. फैक्ट्री के अंदर घुसना फिलहाल संभव नहीं है, टीन शेड हटाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है. फायर कर्मियों के अनुसार आग बुझाने में अभी 2 से 3 घंटे और लग सकते हैं. घटना के बाद एहतियातन आसपास का इलाका खाली करा लिया है. मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में रखा लाखों का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है. फैक्ट्री संचालक मोहम्मद जावेद कुरैशी ने मीडिया को बताया कि अमावस्या होने के कारण शनिवार को मजदूर काम पर नहीं आए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया. फैक्ट्री में सामान्य दिनों में 30 से 35 कर्मचारी दिन रात की शिफ्ट में काम करते हैं. पास ही स्थित हर्बल प्रोडक्ट फैक्ट्री तक आग फैलने का भी खतरा बना हुआ है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि परिसर में लगी डीपी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जो प्लास्टिक दाने के कारण तेजी से भड़क गई और पूरे प्लांट को चपेट में ले लिया. प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है. वहीं स्थानीय लोगों ने भी ट्यूबवेल से पानी उपलब्ध कराकर राहत कार्य में सहयोग किया.
