
सतना। सतना-सेमरिया मार्ग पर बिरहुली यार्ड में निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज क्र. 2 का पूरा हो पाना स्थानीय रहवासियों के लिए अब एक स्वप्र साबित होने लगा है. आलम यह है कि निर्माण अनुबंध की समयावधि समाप्त हो चुकी है. लेकिन अपेक्षित गति से निर्माण कार्य नहीं होने के कारण अब एक्सटेंशन के जरिए मामले को और अधिक लंबा खींचने का प्रयास जारी है.सतना-सेमरिया मार्ग पर बिरहुली यार्ड में रेलवे ओवर ब्रिज क्र. 2 के निर्माण कार्य को नवंबर 2025 में पूरा हो जाना चाहिए था. लेकिन निर्धारित समयावधि के 6 माह बाद भी न सिर्फ निर्माण कार्य लटका हुआ है बल्कि उसमें अपेक्षित गति भी नजर नहीं आ रही है. रेलवे से जुड़े इस प्रोजेक्ट में हो रही लेट-लतीफी के कारण एक ओर जहां रेलवे की छवि प्रभावित हो रही है वहीं दूसरी ओर स्थानीय रहवासियों की समस्या कई गुना अधिक बढ़ गई हैं. स्थानीय रहवासियों के अनुसार रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण नहीं होने के कारण राहगीरों को 8 किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है. इतना ही नहीं बल्कि इस दौरान नैना-सगमनिया मार्ग के खस्ताहाल होने के कारण उन्हें खासी परेशानियों का सामाना करना पड़ता है. स्थानीय रहवासी पिछले काफी समय से इस रेलवे ओवर का निर्माण पूरा होने का इंतजार करते आ रहे हैं. लेकिन जिस गति से निर्माण कार्य जारी है उसे देखते लग रहा है कि अगले 2 वर्ष तक और इंतजार करना पड़ेगा. लिहाजा इस लंबे होते इंतजार और रोजमर्रा की समस्यायों के चलते स्थानीय रहवासियों का आक्रोश बढऩे लगा है.
पीडब्लूडी की निगरानी
बिरहुली क्र. 2 रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य की लागत 2955.97 लाख रु आंकी गई है. लोक निर्माण विभाग की निगरानी में हो रहे इस कार्य की अनुबंध अवधि 26 सितंबर 2023 को आरंभ हुई थी. वहीं 26 माह में निर्माण कार्य पूरा हो जाना है. लेकिन अनुबंध अवधि को पूरा हुए 6 माह से अधिक का समय बीत चुका है. लेकिन इसके बावजूद भी कार्य में अपेक्षित गति नजर नहीं आ रही है. जिसे देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि एक्सटेंशन के जरिए इस मामले को और लंबा खींचने की तैयारी चल रही है.
