दिल्ली हवाई अड्डा स्काईट्रैक्स अवार्ड्स में दक्षिण एशिया का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट बना

नयी दिल्ली, 19 मार्च (वार्ता) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को स्काईट्रैक्स ने प्रतिष्ठित 2026 वर्ल्ड एयरपोर्ट अवॉर्ड्स में भारत और दक्षिण एशिया के सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डे के रूप में सम्मानित किया है।

दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसकी वैश्विक रैंकिंग पिछले साल के 32वें से बढ़कर इस साल 28वें स्थान पर पहुंच गयी है। यह दुनिया के शीर्ष 30 एयरपोर्ट में शामिल एकमात्र भारतीय हवाई अड्डा है।

वहीं, सात करोड़ से ज्यादा यात्रियों की श्रेणी में दुनिया के शीर्ष 10 हवाई अड्डों में दिल्ली एयरपोर्ट आठवें पायदान से अब तीसरे पायदान पर पहुंच गया है। साथ ही भारत और दक्षिण एशिया में दूसरे सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट स्टाफ और दुनिया में सातवें सर्वश्रेष्ठ आगमन एयरपोर्ट के रूप में भी इसे मान्यता मिली है।

ये पुरस्कार ब्रिटेन की राजधानी लंदन में आयोजित पैसेंजर टर्मिनल एक्सपो में प्रदान किये गये।

डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विदेह कुमार जैपुरीयार ने कहा, “हम लगातार आठवें वर्ष भारत और दक्षिण एशिया के सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट के रूप में सम्मानित होने पर गौरवान्वित हैं। यह सम्मान विश्वस्तरीय यात्री अनुभव प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है और हमें अपनी सेवाओं और बुनियादी ढांचे को निरंतर बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करता है। हम इस उपलब्धि को अपने यात्रियों, सहभागियों और कर्मचारियों को समर्पित करते हैं, जिनका अटूट समर्थन और समर्पण हमें विमानन में उत्कृष्टता में नये मानक स्थापित करने में सक्षम बनाता है।”

 

 

Next Post

दुर्घटनाओं में सुधार के लिए सड़क सुरक्षा मित्रों की पहल अहम : उमाशंकर

Thu Mar 19 , 2026
नयी दिल्ली, 19 मार्च (वार्ता) सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने सड़क सुरक्षा में सुधार लाने के लिए देशभर में जमीनी स्तर पहल को आवश्यक बताते हुए इसके लिए सड़क सुरक्षा मित्रों की सक्रियता बढ़ाने पर बल दिया है। मंत्रालय में सचिव वी. उमाशंकर ने गुरुवार को सड़क सुरक्षा स्वयंसेवकों […]

You May Like