
जबलपुर। सिविल लाइन पुलिस ने कल्चुरी होटल के गेट के पास दबिश देकर आईपीएल सट्टा लगाते युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से सट्टे का हिसाब-किताब, मोबाइल और नगदी बरामद हुई है।आरोपी ने पंजाब और मुंबई के आईपीएल मैच पर करीब 1,23,000 का दांव लगाया था। मुख्य बुकी बॉबी की तलाश की तलाश की जा रही है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी श्रीमती पूर्वी चौरसिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि कल्चुरी होटल के गेट के पास एक व्यक्ति मोबाइल पर आईपीएल मैचों पर लाखों रुपये का दांव लगा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर छापा मारा। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया, जो फोन पर सट्टेबाजी में व्यस्त था। पूछताछ में आरोपी ने शिवा जॉर्ज (34) निवासी जमुनिया सिंह का बाड़ा, गुरुद्वारा के पीछे, गोरखपुर के कब्जे से स्मार्टफोन, नगद 1,700 जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी शिवा जॉर्ज ने 14 मई की रात को चल रहे पंजाब और मुंबई के आईपीएल मैच पर करीब 1,23,000 का दांव लगाया था। आरोपी के मोबाइल से सट्टे के पुराने लेनदेन और लाखों रुपये के हिसाब-किताब का पूरा रिकॉर्ड मिला है।आरोपी शिवा ने खुलासा किया कि वह सट्टा वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन दांव लगाता था। इस अवैध कारोबार का मुख्य सूत्रधार बिलहरी निवासी बॉबी है। बॉबी ही शिवा को सट्टे की ऑनलाइन आईडी और क्रेडेंशियल उपलब्ध कराता था। हार-जीत के बाद पैसों का पूरा लेनदेन बॉबी के माध्यम से ही नगद या डिजिटल ट्रांसफर के जरिए होता था।
