
इंदौर. रतलाम-नीमच रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य पूर्ण होने और इस खंड पर यातायात शुरू होने के बाद ट्रेनों के संचालन में गति आई है तथा समयपालनता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, सुगम और समयबद्ध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल लगातार प्रयास कर रहा है.
इसी क्रम में मंडल के परिचालन विभाग ने इस रेलखंड से संचालित कुछ ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान समय में संशोधन करने का निर्णय लिया है. इस बदलाव के तहत पांच पैसेंजर ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है. इससे प्रतिदिन लगभग 55 मिनट तथा साप्ताहिक रूप से करीब 385 मिनट की समय बचत होगी. यह निर्णय परिचालन दक्षता बढ़ाने और यात्रियों के कुल यात्रा समय में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई समय-सारणी लागू होने से ट्रेनों की गति और संचालन व्यवस्था में सुधार होगा तथा यात्रियों को अधिक समयबद्ध सेवा का लाभ मिलेगा.
